बिहार में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी बुधवार (15 अप्रैल) को सुबह 11 बजे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। यह घटना नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद भाजपा के विधायक दल के नेता के रूप में उनके चयन के बाद हुई है। चौधरी का मुख्यमंत्री बनना ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि वे बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा, जो वर्षों से राज्य की गठबंधन राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभा रही थी, अब स्वतंत्र रूप से सरकार का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। पटना स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि निवर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन निवर्तमान मंत्री दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया। विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त चौहान ने बताया कि इसके बाद उपस्थित सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से चौधरी को अपना नेता चुन लिया। अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायक दल की बैठक होगी जिसमें चौधरी के नाम पर औपचारिक मुहर लगेगी। तारापुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक चौधरी ने नेता चुने जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिहार की जनता की सेवा का पवित्र अवसर: सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने एक बयान में कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए यह दायित्व सौंपने के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने कहा कि वह पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेते हैं। चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मैं बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर आगे बढ़ाया। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी उनके पदचिह्नों पर चलते हुए बिहार को आगे ले जाने का कार्य करेंगे।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शुरुआती सफर
एक रसूखदार राजनीतिक परिवार में जन्मे सम्राट चौधरी, बिहार के दिग्गज नेता शकुनी चौधरी के पुत्र हैं।शकुनी चौधरी पहले सेना में थे और बाद में बिहार की राजनीति के एक कद्दावर नाम बने। अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर भी कई दलों से होकर गुजरा। भाजपा में आने से पहले वे आरजेडी (RJD) और जेडीयू (JD-U) के साथ भी काम कर चुके हैं। साल 2017 में उनका भाजपा में शामिल होना उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
