एक्ट्रेस श्रुति हासन अपने बेबाक अंदाज के चलते एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार चर्चा की वजह शादी और परिवार को लेकर उनका दिया गया नया बयान है। सोहा अली खान के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान श्रुति ने शादी के नाम पर होने वाले दिखावे, कागजी कार्रवाई और भारी-भरकम खर्चों पर खुलकर बात की।

शादी पर इतना खर्च क्यों?

शादी के बारे में अपनी सोच साझा करते हुए श्रुति हासन ने कहा, “मुझे किसी का साथ बहुत पसंद है। लेकिन मैंने अपनी पूरी जिंदगी किसी एक दायरे में बंधने की कोशिश नहीं की। अजीब बात है कि कुछ बातों में मैं बहुत पुरानी सोच वाली हूं, तो कुछ मामलों में काफी अलग। ऐसा इसलिए है क्योंकि किसी ने मुझ पर ये बातें थोपी नहीं हैं, मैं खुद इस नतीजे पर पहुंची हूं।”

शादी के तमाशे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि शादी की कागजी कार्रवाई, अंधाधुंध पैसे उड़ाना, दिखावा करना… मैं सोचती हूं कि हम ये सब किसके लिए कर रहे हैं? मुझे अच्छा लगता है कि मैं और मेरा पार्टनर हर दिन एक-दूसरे का साथ चुनते हैं, किसी कागज के टुकड़े की मजबूरी से नहीं। यही मेरी सबसे बड़ी उलझन है, बाकी मुझे शादी से कोई डर नहीं है। मैं एक बार शादी के बहुत करीब भी पहुंच गई थी, तब भी मुझे कोई खास परेशानी नहीं हुई थी। जो लोग शादी पर करोड़ों बहाते हैं, मैं उन्हें गलत नहीं ठहरा रही, लेकिन ये बात मुझे हमेशा खटकती है। इतना पैसा किसी जरूरतमंद को दे दो!”

बच्चा गोद लेने की इच्छा भी जताई

इसी बातचीत के दौरान श्रुति ने मां बनने और परिवार बढ़ाने पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि वे बच्चा गोद लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। श्रुति ने कहा, “मैं बच्चा गोद लेने के लिए बिल्कुल तैयार हूं। मैं दिल से मां बनना चाहती हूं, लेकिन साथ ही मैं खुद बच्चे को जन्म देने का एहसास भी लेना चाहूंगी।” श्रुति हासन की यह दो टूक बातें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now