भाजपा कार्यालय की बिल्डिंग।
– कार्यकर्ताओं व आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए जेल रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रतिदिन जनसुनवाई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सप्ताह के प्रत्येक दिन निर्धारित पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद रहकर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निस्तारण के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन सेवा, समर्पण और जनसंपर्क की भावना को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रही है तथा उनकी समस्याओं के समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देती है। इसी उद्देश्य से सप्ताह के सभी दिनों के लिए जिला पदाधिकारियों को दिवस प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव स्वयं प्रत्येक सोमवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसमस्याएं सुनेंगे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, कार्यालय प्रभारी ओम मिश्रा तथा नीरज गुप्ता भी मौजूद रहेंगे। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मंगलवार को अपर्णा सिंह गौतम, मधुराज विश्वकर्मा, ओमप्रकाश पाल एवं गौरव शुक्ला दिवस प्रभारी रहेंगे। बुधवार को पंकज त्रिवेदी, रेखा पासवान, धर्मेंद्र सिंह, विवेक श्रीवास्तव धीरू तथा शिवाकांत तिवारी जनसुनवाई करेंगे। गुरुवार को सुशीला मौर्य, कुलदीप भदौरिया, विमलेश पांडेय और प्रसून तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार शुक्रवार को पुष्पराज पटेल, अरिमर्दन सिंह, उमेश गुप्ता, सुमित द्विवेदी एवं शरद श्रीवास्तव, शनिवार को उदय लोधी, पंकज त्रिपाठी, राजबहादुर पासवान एवं सुधीर मिश्रा तथा रविवार को नीरज सिंह, संतोष गुप्ता (नेता), सुनीता गुप्ता और अखिलेश कुमार दिवस प्रभारी के रूप में उपस्थित रहेंगे। भाजपा संगठन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे पार्टी पदाधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं सुगम बन सकेगी। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now