फोटो परिचय- सुपारी पैकिंग फैक्ट्री की जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।
– विमल की पैकिंग में तैयार हो रही थी सुपारी, करीब 70 किलो कटी सुपारी और पैकिंग मशीन जब्त
– लाइसेंस व लेबलिंग में मिली अनियमितताएं, पूरी फैक्ट्री सीज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित की जा रही सुपारी पैकिंग यूनिट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने छापेमारी कर मौके से करीब 70 किलो कटी सुपारी बरामद की, जिसे विमल नाम की पैकिंग में तैयार किए जाने की बात सामने आई। कार्रवाई के दौरान सुपारी पैकिंग में इस्तेमाल की जा रही मशीन को भी सीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि एक स्थान पर नियमों को दरकिनार कर सुपारी की पैकिंग की जा रही है। सूचना के बाद विभागीय टीम ने संबंधित परिसर में पहुंचकर जांच शुरू की। टीम को मौके पर सुपारी की पैकिंग का काम संचालित मिलता पाया गया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और लाइसेंस में कमियां सामने आईं।
जांच में तैयार उत्पाद की पैकिंग पर खाद्य उत्पादों के लिए निर्धारित लेबलिंग नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। टीम ने मौके पर मौजूद करीब 70 किलो कटी सुपारी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इसके अलावा सुपारी को पाउच में पैक करने के लिए इस्तेमाल की जा रही पैकिंग मशीन को भी सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने बरामद सुपारी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर उत्पाद की गुणवत्ता और उसमें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग की ओर से संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य वीएस कुशवाहा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री के संचालन और पैकिंग व्यवस्था में कई खामियां मिली हैं। इसी आधार पर फैक्ट्री को सीज करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग यह भी पता लगा रहा है कि यूनिट में तैयार किया जा रहा उत्पाद जिले में किन-किन स्थानों पर भेजा जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक यदि बाजार में इस उत्पाद की बिक्री या आपूर्ति की पुष्टि होती है तो संबंधित माल की तलाश कर उसे जब्त करने के साथ ही उसकी बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
