फोटो परिचय – पकड़े गए अभियुक्त बरामद बैटरियां व दो कार

— चार आरोपियों की गिरफ्तारी से 27 चोरी की बैटरियां बरामद

— दो कारें, चोरी में इस्तेमाल औजार और नकदी भी मिली

— फतेहपुर समेत हमीरपुर के कई इलाकों में वारदातों का खुलासा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। ई-रिक्शा, सोलर पंप और अन्य वाहनों से बैटरियां चोरी कर कबाड़ में बेचने वाले गिरोह के खिलाफ चांदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 27 चोरी की बैटरियां बरामद की हैं। आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त दो कारें, औजार और 6040 रुपये नकद भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकीब पुत्र साबिर निवासी बड़ा कुआं, थाना जाफरगंज/बिंदकी क्षेत्र, आमिर पुत्र अजहर निवासी लिंक रोड बिंदकी, जावेद पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी जहानपुर थाना बिंदकी और रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता निवासी मदनपुर थाना राधानगर के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चांदपुर, जाफरगंज, खागा और सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्रों के अलावा हमीरपुर जनपद के कोतवाली नगर तथा मौदहा क्षेत्र में बैटरी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात पुलिस को बताई। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शों और सोलर पंपों को निशाना बनाते थे। मौजमजरी स्थित सीमेंट जाली एवं पाप निर्माण फैक्ट्री में ताला तोड़कर पांच बैटरियां, इनवर्टर, ट्रैक्टर जैक और अन्य उपकरण चोरी किए जाने की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया है।

इसके अलावा मदनपुर और रूर क्षेत्र में ई-रिक्शों से बैटरियां चोरी करने, जाफरगंज में ई-रिक्शे से चार बैटरियां, सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में चार बैटरियां और खागा क्षेत्र में बैटरी रिक्शे से चार बैटरियां चोरी किए जाने की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। नौबस्ता रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर परिसर के सोलर पंप सेट के पंप कक्ष का ताला तोड़कर पांच बैटरियां चोरी करने की वारदात भी इसी जांच में सामने आई।

पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी की बैटरियों को एक स्थान पर एकत्र करता था। इसके बाद उन्हें कम कीमत पर कबाड़ियों को बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

कार्रवाई में थाना चांदपुर प्रभारी उपनिरीक्षक वृंदावन राय, चौकी अमौली प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राय साहब यादव, अंकुर मिश्रा, श्याम बिहारी सिंह, मो. ताज हसन, हेड कांस्टेबल अंगद राम, कांस्टेबल अजय यादव, राज यादव, धीरज कुमार सिंह, पुनीत यादव, श्रीकेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल चंदन मौर्य, अमन कुमार मौर्य और अंकुश यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now