चौडगरा-बिन्दकी रोड रेलवे ओवरब्रिज की बदहाली का दृश्य।
– चौडगरा-बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर जगह-जगह गड्ढे, सड़क से बाहर निकली सरिया बनी मुसीबत
– बाइक सवारों के गिरने और वाहनों के टायर फटने का खतरा, कांग्रेस नेता ने वीडियो बनाकर उठाए सवाल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। चौडगरा कस्बे से गुजरने वाले बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज की जर्जर हालत अब राहगीरों के लिए परेशानी के साथ-साथ हादसे का खतरा भी बन गई है। सड़क पर बने गड्ढों के बीच जगह-जगह निकली सरिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन सवारों को अचानक सामने आने वाले गड्ढों और सरियों से बचकर निकलना पड़ रहा है।
ओवरब्रिज से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार न होने से वाहन चालकों में नाराजगी है। सड़क से निकली सरिया वाहनों के टायरों को नुकसान पहुंचा रही हैं, जबकि गड्ढों में पहिया फंसने से बाइक सवारों के अनियंत्रित होकर गिरने की आशंका बनी रहती है।
ओवरब्रिज की बदहाली को लेकर कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने मौके का वीडियो बनाया और उसे फेसबुक पर पोस्ट किया। वीडियो के माध्यम से उन्होंने पुल की जर्जर स्थिति को सार्वजनिक करते हुए जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी मामले की ओर ध्यान दिलाया।
कांग्रेस नेता का कहना है कि जिस मार्ग से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं, वहां सड़क की ऐसी स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। समय रहते गड्ढों को दुरुस्त कराने और सड़क से बाहर निकली सरियों को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने भी ओवरब्रिज की तत्काल मरम्मत की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही सड़क को सुरक्षित कर दें। अब सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर लोगों की नजर है।
