फोटो परिचय- पीईटी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं साथ में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक।
– चार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
– सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कर्मचारियों की मुस्तैदी पर दिया जोर
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को जिले में प्रशासन और पुलिस की निगरानी बनी रही। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने चार केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज, एसए इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय और मुस्लिम इंटर कॉलेज में परीक्षा संबंधी इंतजामों को देखा। केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम और एसपी ने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था प्रभावी रखी जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की जानकारी दी।
