फोटो परिचय- राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते वक्ता।
– पीड़ित जमाकर्ता परिवार ने केंद्र सरकार से बड्स एक्ट-2019 लागू कराकर धनराशि वापस दिलाने की उठाई मांग
– राष्ट्रीय अधिवेशन में कई राज्यों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, भुगतान होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। चिटफंड कंपनियों में जमा धनराशि की वापसी की मांग को लेकर ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (पीजेजेपी) का आंदोलन 26वें महीने में भी जारी है। रविवार को नहर कॉलोनी परिसर में संगठन के राष्ट्रीय संस्थापक सूरजदीन विश्वकर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निवेशकों की समस्याओं को उठाते हुए बकाया भुगतान की प्रक्रिया तेज करने की मांग की।
अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न कंपनियों में अपनी मेहनत की कमाई जमा की थी, लेकिन लंबे समय बाद भी अनेक निवेशकों को उनकी धनराशि वापस नहीं मिल सकी है। इससे प्रभावित परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए बनाए गए बड्स एक्ट-2019 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित जमाकर्ताओं को उनकी जमा पूंजी वापस मिल सके।
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि कानून बनने के बावजूद यदि पीड़ितों को भुगतान नहीं मिलता, तो उसके उद्देश्य की पूर्ति अधूरी रह जाती है। उन्होंने सरकार से भुगतान संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने, जिम्मेदार कंपनियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने और निवेशकों को राहत देने की मांग की।
राष्ट्रीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि जब तक पीड़ित जमाकर्ताओं को उनकी धनराशि वापस नहीं मिल जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। वक्ताओं ने देशभर के प्रभावित निवेशकों को न्याय दिलाने के लिए संगठनात्मक प्रयासों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
इस मौके पर अभिषेक प्रसाद, रामशरण दास, राकेश कुमार साहू, शिवबली प्रसाद, राजकुमार गुप्ता, अवधेश कुमार राजू, संजय विश्वकर्मा, डॉ. रामकरन, डॉ. रामस्वरूप वर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, संजीव कुमार, गोपाल प्रेमलाल, मोहम्मद कलीम, दीपक कुमार सैनी, जितेंद्र सिंह, लोकेश कुमार, हरिओम प्रजापति, बलरामचंद, राकेश कुमार, चंद्रभूषण, हिमांशु सिंह, नरेंद्र कुमार और विद्या प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
