फोटो परिचय- गलत परीक्षा केंद्र पहुंची अभ्यर्थी की मदद कर उसे सही केंद्र तक पहुंचाती पुलिस।
– प्रवेश का समय समाप्त होने से पहले पुलिस ने सभी को पहुंचाया निर्धारित केंद्र
– पीआरवी जवानों और महिला आरक्षियों ने निभाई अहम भूमिका
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। पीईटी परीक्षा में परीक्षा केंद्र के नाम की समानता के कारण पांच अभ्यर्थी गलत स्थान पर पहुंच गए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश बंद होने का समय नजदीक था और ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा छूटने का संकट खड़ा हो गया। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों अभ्यर्थियों को समय रहते उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिलाया।
जानकारी के अनुसार, चार छात्राएं और एक छात्र जीजीआईसी मलवां के स्थान पर आईटीआई रोड स्थित जीजीआईसी पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश बंद होने का समय दोपहर 2:30 बजे निर्धारित था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल सहायता शुरू की। पीआरवी 6262 और 6254 की मदद से सभी अभ्यर्थियों को सही केंद्र तक पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए गए इस सहायता अभियान के दौरान परीक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी लक्ष्य मिश्रा ने दो छात्राओं को अपनी मोटरसाइकिल से मलवां पहुंचाने की पहल की। वहीं, तीसरी छात्रा अपने अभिभावक के साथ रवाना हुई। गलत केंद्र पहुंचे छात्र को पीआरवी 6262 से ले जाया गया। रास्ते में दोनों छात्राओं और तीसरी छात्रा को भी पीआरवी में बैठाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
इसी दौरान प्रयागराज निवासी कोमल मौर्य भी गलत परीक्षा केंद्र पहुंच गई थीं। पीआरवी 6254 के पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी समय रहते जीजीआईसी मलवां पहुंचाया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बांदा निवासी छविराम तथा प्रयागराज निवासी पूजा पटेल, सुषमा पटेल, रेनू और कोमल मौर्य परीक्षा में शामिल हो सके।
इस सराहनीय कार्य में पीआरवी 6262 के हेड कांस्टेबल निरंजन सिंह, महिला कांस्टेबल अर्चना शंखवार, होमगार्ड लक्ष्मी शंकर और आरक्षी लक्ष्य मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, पीआरवी 6254 के कमांडर मुख्य आरक्षी अजय कुमार पटेल, महिला आरक्षी प्रीतिबाला, महिला आरक्षी रुचि तथा चालक होमगार्ड अनुग्रह नारायण सिंह ने भी सहयोग किया।
परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद खो रहे अभ्यर्थियों को समय पर राहत मिलने से उनके परिजनों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की।
