फोटो परिचय- कारीकान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सक।
– विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ चिकित्सकों ने बताए बचाव के उपाय
– जरूरतमंद मरीजों को जांच के बाद नि:शुल्क दवाएं भी वितरित
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम धाता कारीकान में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एसबीआई फाउंडेशन और चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया।
शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की प्राथमिक जांच करने के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। इस दौरान हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, लिपिड प्रोफाइल, टाइफाइड/विडाल, एलएफटी, केएफटी और ब्लड ग्रुप सहित कई जांचें नि:शुल्क की गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर में जनरल फिजिशियन के अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा हड्डी रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने आयोजन की सराहना करते हुए ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने एसबीआई फाउंडेशन और चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया की टीम के प्रयासों के लिए आभार जताया।
शिविर को सफल बनाने में सीएसआई एवं एसबीआईएफ की टीम के साथ स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट ने सहयोग किया। नगर पंचायत सभासद मोहम्मद कलीम, विजय नामदेव, प्रेम सिंह, सत्येंद्र पांडेय, गुलाब सिंह, रमेश सिंह और दुर्विजय ने अपने-अपने वार्डों के लोगों को शिविर की जानकारी देकर उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया।
एसबीआईएफ के मैनेजर मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से चिकित्सकीय परामर्श लेने, समय पर उपचार कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
