– बिना पंजीकरण चल रहे निजी क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में संचालित कुछ निजी क्लीनिकों और कथित झोलाछाप चिकित्सकों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगहों पर बिना वैध पंजीकरण और जरूरी मानकों के मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। योग्य चिकित्सकों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कुछ स्थानों पर मरीजों को बिना समुचित जांच के दवाएं लिखने और इंजेक्शन लगाने की शिकायतें मिलती हैं। इलाज के दौरान मरीजों की हालत बिगड़ने की बातें भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय-समय पर जांच और कार्रवाई की बात सामने आती है, लेकिन कथित अवैध क्लीनिकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती। इससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से किशनपुर कस्बे में विशेष अभियान चलाकर सभी निजी क्लीनिकों और अस्पतालों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिन संस्थानों के पास वैध पंजीकरण, लाइसेंस अथवा आवश्यक अभिलेख नहीं हैं, या जो निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पीएचसी प्रभारी बृजेश पांडेय ने बताया कि सूची बनाकर बिना पंजीकरण वाले अस्पताल बंद होंगे।
