– गोपालपुर खुराहट गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
– परिजनों के मुताबिक, कई दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था युवक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर खुराहट गांव में गुरुवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों में हड़कंप मच गया। 28 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पवन कुमार पांडेय के पुत्र त्रिभुवन पांडेय ने गुरुवार शाम घर के अंदर गमछे के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि त्रिभुवन पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।
