फोटो परिचय-  छलनी से चंद्र दर्शन कर व्रत खोलतीं सुहागिन महिलाएं।

* पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

* बाजारों में रही चहल-पहल, सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने निभाई परंपरा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। पति की लंबी उम्र और सुखमय दांपत्य जीवन की कामना के साथ जिले में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान से पूजा की और रात में चंद्र दर्शन के बाद अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया।

पर्व को लेकर शहर के चौक, हरिहरगंज, बाकरगंज और पत्थरकटा चौराहे सहित प्रमुख बाजारों में सुबह से ही रौनक रही। चूड़ी, साड़ी, मेहंदी और पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी। सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर करवा चौथ की कथा सुनी। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व को लेकर उत्साह रहा। खागा, बिंदकी, असोथर और मलवां समेत विभिन्न इलाकों में महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पूजा की। रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद महिलाओं ने छलनी से चांद और पति का चेहरा देखकर अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर निर्जला व्रत खोला।

करवा चौथ ने एक बार फिर आस्था, पारिवारिक प्रेम और भारतीय परंपराओं के प्रति महिलाओं की गहरी निष्ठा को प्रदर्शित किया। पूरे दिन जिले में पर्व की रौनक बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now