फोटो परिचय-  मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी।

– न्यायिक कार्य से विरत रहकर कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

– अधिवक्ता सुरक्षा कानून और राष्ट्रीय न्यायिक आयोग के गठन की उठाई आवाज

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजय कुमार भनोट पर अधिवक्ताओं से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर गुरुवार को जिले के वकीलों ने विरोध जताया। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद न्यायिक अधिकारी के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव और महामंत्री अनुराग नारायण मिश्र के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संबंधित न्यायमूर्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय में वकीलों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और जेल भेजने की धमकी देकर माफी मांगने के लिए दबाव बनाया गया।

ज्ञापन में न्यायमूर्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने, अधिवक्ताओं के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई से संबंधित प्रावधानों पर पुनर्विचार तथा न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय न्यायिक आयोग गठित करने की मांग उठाई गई। साथ ही मौजूदा कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग की गई।

अधिवक्ताओं ने कहा कि उनके सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

इस मौके पर चंदन सिंह, जैद अहमद, गनेश तिवारी, मुलायम सिंह, शक्ति सिंह, अभय सिंह, बृज किशोर उमराव, रमेश चन्द्र वर्मा, बृजेश कुमार, राकेश सिंह, पंकज तिवारी, दीपचन्द्र त्रिपाठी, मो. आसिफ और राम किशोर विश्वकर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now