– गांजा और चरस की सप्लाई करने का आरोप, तीन एनडीपीएस मुकदमों में था फरार

– हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज हैं 19 आपराधिक मामले

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कल्यानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर सुशील तिवारी उर्फ नगोई तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी कानपुर-सागर मार्ग पर कस्बापुर रेलवे ओवरब्रिज के समीप से की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौह गांव का निवासी है और कल्यानपुर थाने में हिस्ट्रीशीटर संख्या 233बी के रूप में दर्ज है। उस पर गांजा और चरस की तस्करी कर कल्यानपुर, मलवां, बिंदकी समेत आसपास के इलाकों में आपूर्ति करने का आरोप है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तीन मामलों में वांछित चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुशील तिवारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलावा मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, उपनिरीक्षक अजीत सिंह और आरक्षी सुल्तान राय शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now