फोटो परिचय- पीईटी परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
* डीएम-एसपी ने निरीक्षण कर खामियां दूर करने के दिए निर्देश
* टूटी खिड़कियों की मरम्मत, सीसीटीवी निगरानी और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
* जलभराव से निजात के लिए रिचार्ज पिट बनवाने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने दानियालपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कमियों को चिह्नित करते हुए संबंधित विभागों और विद्यालय प्रशासन को समय रहते सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, रोशनी, पंखे, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। खिड़कियों के टूटे शीशे और जालियां मिलने पर डीएम ने तत्काल मरम्मत कराने को कहा। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ियां लगवाने, अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास और क्लॉक रूम की व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। व्यवस्थाओं की प्रगति परखने के लिए एक सप्ताह के भीतर दोबारा निरीक्षण भी किया जाएगा।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने परिसर में जलभराव की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को वर्षा जल संचयन के उद्देश्य से रिचार्ज पिट बनवाने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या का समाधान करने के साथ वर्षा जल का संरक्षण भी किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
