– 84802 पात्रों की सूची ग्राम सभाओं में अनुमोदन के लिए भेजी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जनपद में पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण शेषमणि सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार नवंबर 2024 से 15 मई 2025 तक जिले में व्यापक सर्वे अभियान चलाया गया, जिसमें 147304 संभावित लाभार्थियों का सर्वे आवास प्लस ऐप-2024 के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण और एआई तकनीक का उपयोग करते हुए किया गया।
उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद विभिन्न चरणों में चेकर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। इसके उपरांत भारत सरकार के निर्देशानुसार 20 जून से 30 जून 2026 तक जनपद की ग्राम सभाओं में स्थायी पात्रता सूची तैयार करने के लिए बैठकों का आयोजन कराया गया। परियोजना निदेशक के अनुसार, सर्वे के आधार पर 84802 लाभार्थियों के आवेदन एक्सेप्टेड (स्वीकृत) तथा 62502 आवेदन डिस्प्यूटेड (विवादित) श्रेणी में पाए गए हैं। वर्तमान में केवल एक्सेप्टेड मामलों की सूची ग्राम सभाओं में अनुमोदन के लिए उपलब्ध कराई गई है। वहीं विवादित मामलों का लाभार्थीवार विवरण अभी प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही यह विवरण उपलब्ध होगा, शासन के निर्देशानुसार उसे भी ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परियोजना निदेशक ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जुड़वाने के नाम पर रिश्वत या किसी प्रकार की अवैध धनराशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित खण्ड विकास अधिकारी को दें। इसके अलावा जिला हेल्पलाइन 05180-298203 अथवा सीयूजी नंबर 9445464557 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्रता का निर्धारण पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now