फोटो परिचय- गर्भवती महिलाओं को फल वितरित करते चिकित्सक।
– धाता सीएचसी में गर्भवती महिलाओं को फल देकर स्वास्थ्य देखभाल के बताए तरीके
– नियमित जांच, टीकाकरण और संतुलित खानपान को बताया जरूरी
– चिकित्सकों ने गर्भावस्था के दौरान लापरवाही न बरतने की दी सलाह
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता में विशेष पहल की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए और उन्हें गर्भावस्था के दौरान खानपान से लेकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तक कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कुमार ने महिलाओं को बताया कि गर्भावस्था में शरीर को अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता होती है। ऐसे में भोजन में मौसमी फलों के साथ हरी सब्जियों और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना जरूरी है। संतुलित आहार का सीधा प्रभाव गर्भवती महिला के स्वास्थ्य के साथ गर्भस्थ शिशु के विकास पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार निर्धारित टीकाकरण भी समय से कराया जाना चाहिए, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचाव किया जा सके।
स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को पर्याप्त आराम लेने, पौष्टिक भोजन करने और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं ने भी स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों ने आवश्यक जानकारी देकर समाधान किया।
कार्यक्रम में देवेश त्रिपाठी, हिमांशु त्रिपाठी, मुकेश सिंह सहित स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
