फोटो परिचय-  परिवार परामर्श केंद्र में दंपती की काउंसलिंग करते सदस्य।

– परिवार परामर्श केंद्र में हुई काउंसलिंग से दूर हुए मतभेद

– समझाइश के बाद पुराने विवाद खत्म कर साथ रहने पर बनी सहमति

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। रिश्तों में आई कड़वाहट और आपसी मतभेद जब अलगाव की वजह बनने लगे तो परिवार परामर्श केंद्र की पहल ने एक दंपती के टूटते रिश्ते को संभालने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस लाइन स्थित केंद्र में हुई काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी ने खुलकर अपनी-अपनी बात रखी। दोनों पक्षों को समझाने और आपसी संवाद बढ़ाने के बाद विवाद का समाधान निकल आया। अंततः दंपती ने पुरानी नाराजगी भुलाकर साथ गृहस्थ जीवन बिताने पर सहमति जताई।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र द्वारा पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को एक दंपती को पारिवारिक विवाद के निस्तारण के लिए केंद्र पर बुलाया गया।

काउंसलर कविता रस्तोगी ने पति-पत्नी से अलग-अलग और फिर संयुक्त रूप से बातचीत कर विवाद की वजह समझी। काउंसलिंग के दौरान दोनों को वैवाहिक जीवन में संवाद, आपसी विश्वास और सामंजस्य के महत्व को समझाया गया। बातचीत आगे बढ़ने के साथ दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात समझी और लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को समाप्त करने पर राजी हो गए।

समझाइश के बाद पति-पत्नी ने पुराने विवाद पीछे छोड़ते हुए फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। दोनों की सहमति के आधार पर परिवार परामर्श केंद्र में प्रकरण का समझौता करा दिया गया। काउंसलिंग के दौरान सहयोग के लिए हेड कांस्टेबल अकील अहमद भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now