बंदरों की फाइल फोटो।
– युवाओं के प्रयास की हो रही सराहना
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी ने इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों की जिंदगी भी मुश्किल कर दी है। आसमान से बरस रही आग और लगातार बढ़ते तापमान के चलते पशु-पक्षी पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। कई जगहों पर गर्मी और प्यास के कारण जानवरों के बेहोश होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
रविवार की सुबह नगर की सुपरमार्केट वाली गली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर भीषण गर्मी की चपेट में आकर अचेत होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। बंदर को तड़पता देख स्थानीय युवाओं ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत उसकी जान बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता सुशील अग्रहरि, दीपक बैस और गोपी तिवारी मौके पर पहुंचे। युवाओं ने बिना देर किए पशु चिकित्सक को बुलाया। डॉक्टर की देखरेख में बंदर को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसे ओआरएस का घोल और पानी पिलाया गया, जिससे कुछ देर बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा। समय पर इलाज मिलने से बंदर की जान बच गई। युवाओं की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने टीम के सेवा भाव और तत्परता की प्रशंसा करते हुए इसे इंसानियत की मिसाल बताया। इस दौरान सुशील अग्रहरि और उनकी टीम ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में बेजुबान जानवरों और पक्षियों के लिए घरों, दुकानों और छतों पर पानी जरूर रखें। उन्होंने कहा कि हम अपनी परेशानी बोलकर बता सकते हैं, लेकिन बेजुबान जीव चुपचाप तड़पते रहते हैं। अगर हर व्यक्ति थोड़ी संवेदनशीलता दिखाए तो कई बेजुबानों की जान बचाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now