फोटो परिचय- निर्वाचन संबंधी कार्यशाला में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
* ईसीआई नेट पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
* लंबित आवेदनों के सत्यापन और नो मैपिंग डाटा के मिलान में बरतें गंभीरता
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में ईसीआई नेट पोर्टल के संचालन एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में उपजिलाधिकारी सदर पिनांक पाणी द्विवेदी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से ईसीआई नेट पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने पोर्टल पर लॉगिन करने से लेकर फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल करने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। साथ ही बीएलओ स्तर से प्राप्त आवेदनों की जांच और सत्यापन के तरीके भी बताए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने का अवसर दिलाने के लिए अभियान चलाकर उनके आवेदन भरवाए जाएं। नो मैपिंग डाटा का संबंधित अभिलेखों से मिलान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अब तक प्राप्त फॉर्म-6 की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य समयबद्ध और पूरी शुद्धता के साथ पूरा किया जाए। आवेदन निस्तारण और सत्यापन में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सभी एआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
