एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सभासद।
– डीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली व गंभीर मरीजों की मजबूरी को लेकर नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या-02 आवास विकास कॉलोनी के सभासद दीपक कुमार मौर्य ने एमआरआई मशीन का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपकर जिला अस्पताल व अमर शहीद जोधा सिंह अटेया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन स्थापित कराने की मांग की है।
सभासद ने कहा कि लगभग 26 लाख की आबादी वाले जिले में आज भी एमआरआई जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध नहीं है। परिणामस्वरूप ब्रेन स्ट्रोक, सिर और रीढ़ की गंभीर चोट, कैंसर, ब्रेन ट्यूमर, मिर्गी और स्लिप डिस्क जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जांच के लिए कानपुर और प्रयागराज की दौड़ लगानी पड़ती है। कई बार जांच में देरी मरीजों की जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। सड़क दुर्घटनाओं और न्यूरोलॉजिकल रोगों के मामलों में एमआरआई जांच जीवन रक्षक साबित होती है। ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन जिले में सुविधा न होने के कारण मरीजों को 100 से 120 किलोमीटर दूर रेफर करना पड़ता है। इससे उपचार में देरी होने के साथ मरीजों और परिजनों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग किया कि जिला अस्पताल अथवा मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन की स्थापना के लिए तत्काल व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही यदि पहले से कोई प्रस्ताव लंबित है तो उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए।
