फोटो परिचय- बैठक में संबंधित अधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– राजनीतिक दलों ने मतदाताओं की सुविधा के लिए नए मतदेय स्थल बनाने की उठाई मांग, आपत्तियां भी होंगी दर्ज

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदेय स्थलों की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में जिले में प्रस्तावित मतदेय स्थलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मतदान के दौरान मतदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप बूथों की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी। वहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं की संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरत वाले स्थानों पर नए मतदेय स्थल बनाए जाने की मांग रखी।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि मतदेय स्थलों के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों और सुझावों की संबंधित तहसील के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों का परीक्षण करने के बाद आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी प्रस्तावित मतदेय स्थल में संशोधन की आवश्यकता महसूस होती है अथवा किसी नए स्थल के संबंध में सुझाव या आपत्ति है तो उसे निर्धारित समय में लिखित रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए 23 सितंबर तक संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा पदाभिहित अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयसीमा में प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों पर स्थलीय जांच कराई जाएगी। जांच के बाद निर्वाचन नियमों के अनुरूप उनका निस्तारण किया जाएगा। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि मतदेय स्थल ऐसे स्थानों पर हों, जहां स्नातक मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now