फोटो परिचय- तांबेश्वर नगर में खाली भूखंडों की समस्या को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन देते स्थानीय नागरिक।
– वर्षों से उपेक्षित प्लाट बने गंदगी और मच्छरों के ठिकाने, संक्रामक रोगों का खतरा
– डीएम और नगर पालिका ईओ से सफाई, जलनिकासी और भूखंड स्वामियों पर कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के तांबेश्वर नगर में लंबे समय से खाली पड़े भूखंड अब आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। तांबेश्वर महादेव मंदिर के समीप दीक्षित हार्डवेयर के सामने वाली गली में स्थित कई प्लाटों में वर्षों से गंदा पानी और कूड़ा जमा है। जलभराव के कारण इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित भूखंड करीब दो से ढाई दशक से खाली पड़े हैं। प्लाट खरीदने के बाद उनके स्वामियों ने न तो चारदीवारी कराई और न ही जमीन को समतल कराने की पहल की। नतीजतन आसपास का गंदा पानी इन भूखंडों में एकत्र होकर लंबे समय से जमा है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। नागरिकों ने तत्काल जलनिकासी के लिए पंप लगवाने के साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा दवा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि खाली भूखंडों के मालिकों को नोटिस देकर जमीन की सफाई, भराई और चारदीवारी कराने के निर्देश दिए जाएं। यदि भूखंड स्वामी निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं करते हैं तो नगर पालिका स्तर से सफाई व भराई कराकर नियमानुसार खर्च संबंधित स्वामियों से वसूला जाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलभराव और गंदगी की समस्या का निस्तारण नहीं कराया गया तो मोहल्लेवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
