फोटो परिचय- अधिवक्ता संतोष कुमार राय।
– बुधईयापुर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, गिरफ्तारी करने वाले अधिकारी की जांच के निर्देश
– अधिवक्ता संतोष कुमार राय की प्रभावी पैरवी से मिली राहत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मलवां थाना क्षेत्र के बुधईयापुर गांव में अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के चर्चित मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस की गिरफ्तारी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। न्यायालय ने गिरफ्तारी में कानूनी खामियां पाए जाने पर आरोपी बनाए गए दो छात्रों को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही गिरफ्तारी करने वाले तत्कालीन थाना प्रभारी एवं विवेचक की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिए हैं।
मामले में जिला न्यायालय से जमानत याचिका खारिज होने के बाद दोनों छात्रों की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार राय ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की थी। याचिका में पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए दोनों छात्रों की तत्काल रिहाई की मांग उठाई गई थी। बीती चार नवंबर को मामले में सुनवाई के दौरान अधिवक्ता ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में बरती गई गंभीर अनियमितताओं को न्यायालय के समक्ष रखा था।
सुनवाई के दौरान अधिवक्ता संतोष कुमार राय ने गिरफ्तारी मेमो को प्रमुख आधार बनाते हुए बताया कि तीन आरोपियों के लिए एक ही सामूहिक गिरफ्तारी मेमो तैयार किया गया था। इसमें गिरफ्तारी की तारीख पांच मई 2026 अंकित थी, लेकिन गिरफ्तारी का समय दर्ज नहीं किया गया था। राज्य सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता भी इस तथ्य का प्रभावी खंडन नहीं कर सके।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति अचल सचदेव एवं न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन की पीठ ने गिरफ्तारी मेमो में पाई गई खामियों को गंभीर मानते हुए दोनों छात्रों को अविलंब रिहा करने का आदेश पारित किया।
न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक को यह भी निर्देश दिया कि संबंधित गिरफ्तारी अधिकारी के आचरण की जांच कराई जाए। जांच में लापरवाही अथवा अन्य दोष सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त उसे अपराधों की विवेचना संबंधी जिम्मेदारियों से हटाने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया है।
हाईकोर्ट के इस आदेश को मामले में पुलिस की गिरफ्तारी प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण न्यायिक टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है। अधिवक्ता संतोष कुमार राय की पैरवी के बाद दोनों छात्रों को कानूनी राहत मिली है।
