फोटो परिचय- साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण में शामिल महिलाएं।
– दो दिवसीय प्रशिक्षण में ऑनलाइन ठगी के तरीकों और बचाव के उपायों पर किया जागरूक
– ओटीपी, बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने और संदिग्ध लिंक से बचने की दी हिदायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। इंटरनेट और मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। निशान वेलफेयर सोसायटी की ओर से ग्राम पंचायत सनगांव, सूपा और तेलियानी में 14 व 15 नवंबर को दो दिवसीय साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं, किशोरियों और युवाओं को डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी के प्रति सचेत करते हुए सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में मुख्य प्रशिक्षक नवनीत श्रीवास्तव ने साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बताया कि ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी हासिल किया जाता है तो कभी इनाम और लॉटरी का लालच देकर खाते से रकम उड़ा दी जाती है। सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने, फर्जी लिंक भेजने और फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने जैसी घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी असावधानी भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।
उन्होंने प्रतिभागियों को सलाह दी कि बैंक खाते, एटीएम और मोबाइल से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। किसी भी परिस्थिति में ओटीपी साझा न करें और बिना जांच-पड़ताल के अनजान लिंक न खोलें। फेसबुक, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया खातों पर मजबूत पासवर्ड रखने के साथ टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करना भी जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देकर शिकायत दर्ज कराए। पुलिस सहायता के लिए 112 और सरकारी साइबर अपराध पोर्टल का भी उपयोग किया जा सकता है।
नवनीत श्रीवास्तव ने कहा कि मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जागरूकता और समय रहते उठाए गए जरूरी कदम साइबर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम कर सकते हैं।
इस मौके पर संस्था की प्रबंधक रूबीना, पीसी तूबा अकील, मोबिलाइजर अल्तशा परवीन, सलाहुद्दीन और राबिया ने भी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं और युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
