– शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने घरों को बनाया राख का ढेर
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में गुरुवार को हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवाओं के चलते एक घर से दूसरे घर तक फैल गई। आग की चपेट में आने से गांव निवासी काली और शिवकरण के मकान जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते पड़ोस के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से सामान निकालने के लिए दौड़े, लेकिन आग की रफ्तार के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। अग्निकांड में घरों में रखा नगदी, अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उनकी वर्षों की मेहनत और जमापूंजी कुछ ही मिनटों में खाक हो गई। घटना के बाद परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों मकान पूरी तरह तबाह हो चुके थे। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और आवासीय मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मझगवां गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण पीड़ित परिवारों के समर्थन में आगे आ रहे हैं और प्रशासन से शीघ्र राहत पहुंचाने की मांग कर रहे हैं।
