फोटो परिचय- क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करते कर्मचारी।
– पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने पर सीधे दर्ज कराएं शिकायत
– फोटो और वीडियो अपलोड करते ही संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगा मामला, तय होगी जिम्मेदारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण इलाकों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को दोबारा दुरुस्त न कराने वाली कार्यदायी एजेंसियों पर अब निगरानी का शिकंजा कसने की तैयारी है। सड़कों की मरम्मत में देरी होने पर ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से सीधे अपनी शिकायत विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। प्रभावित सड़क की तस्वीर और वीडियो ऐप पर अपलोड कर समस्या की जानकारी अधिकारियों को दी जा सकेगी।
जिले में ग्रामीण पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 5004 किलोमीटर सड़कों की खुदाई कराई गई थी। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इनमें से 4920 किलोमीटर मार्गों को दोबारा ठीक कराया जा चुका है। शेष सड़कों की मरम्मत का काम अभी जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों को पहले जैसी स्थिति में लाना संबंधित कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
सड़कों की पुनर्स्थापना में गुणवत्ता और मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंताओं की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।
अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम ने बताया कि जिन गांवों में अभी पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है, वहां अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। पाइपलाइन परियोजनाओं को गति देने के साथ खोदी गई सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप बहाल कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि पाइपलाइन डालने के बाद उनके गांव की सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो जल सारथी ऐप पर फोटो और वीडियो के साथ शिकायत दर्ज कराएं, जिससे संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्या का निस्तारण कराया जा सके।
