– मनगढ़ से लौटते समय नगरूवा मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, एक ही बाइक पर सवार थे तीनों

– बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में जा चुकी है जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। धाता थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। नगरूवा मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भूला गांव निवासी दिनेश कुमार प्रजापति (22) पुत्र सूरजपाल अपने साथी दीपक कुमार (20) पुत्र शिवमंगल और विक्रम (19) पुत्र तेजबली के साथ प्रतापगढ़ जनपद के मनगढ़ घूमने गया था। उनके साथ दो अन्य युवक भी थे। वापसी में दोनों साथी पहले ही गांव पहुंच गए, जबकि दिनेश, दीपक और विक्रम किसी काम से धाता में रुक गए। शाम को तीनों एक ही बाइक से गांव के लिए रवाना हुए थे।

बताया जाता है कि नगरूवा मोड़ के पास पहुंचते ही सड़क पार कर रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दीपक और विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया।

उधर, हादसे में दिनेश की मौत की सूचना मिलते ही भूला गांव में मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है, क्योंकि करीब दस वर्ष पहले सड़क हादसे में दिनेश के बड़े भाई की भी मौत हो चुकी है। अब छोटे बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है और दो अन्य घायल हुए हैं। हादसे में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now