फोटो परिचय- पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराते अतिथि।
– विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे नामी पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले
– आल्हा गायिका की प्रस्तुति ने बांधा समां, मेले में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर, फतेहपुर(CNF)। बहादुरपुर गांव में आयोजित इनामी दंगल में शनिवार को मिट्टी का अखाड़ा पहलवानों के दमखम और जोरदार मुकाबलों का गवाह बना। अलग-अलग प्रदेशों से पहुंचे करीब 52 नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबलों के दौरान अखाड़े के चारों ओर मौजूद लोगों की भीड़ लगातार पहलवानों का उत्साह बढ़ाती रही।
दंगल में कई मुकाबले काफी देर तक चले और पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। गोविंद बांदा, गोरेलाल नरौली, कमल यादव सेमरा, अनुज बिरनई, शिवलोचन, कृष्णपाल चित्रकूट, शिव पहलवान सुसवन, जि़द्दी पहलवान पंजाब और शैतान अली समेत कई पहलवानों के बीच जोरदार कुश्ती देखने को मिली। हर दांव पर दर्शकों की निगाहें अखाड़े पर टिकी रहीं और जीत हासिल करने वाले पहलवानों का तालियों से स्वागत किया गया। विजेता पहलवानों को आयोजकों की ओर से नकद पुरस्कार व सम्मान देकर उत्साहित किया गया।
दंगल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। आल्हा गायिका की दमदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में वीर रस का रंग भर दिया। ढोलक की थाप और आल्हा के ओजस्वी स्वरों के बीच श्रोता देर तक कार्यक्रम से जुड़े रहे। गायिका की प्रस्तुति के दौरान अखाड़े के आसपास मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
दंगल के साथ लगा मेला भी आकर्षण का केंद्र रहा। घरेलू उपयोग की वस्तुओं, खिलौनों और खानपान की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों ने कुश्ती मुकाबलों के साथ मेले का भी आनंद लिया।
आयोजन में ग्राम प्रधान हरिविलास सिंह, जन जनवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मन्नी सिंह राठौर तथा मुख्य अतिथि डॉ. संजय सिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष जन जनवादी पार्टी ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान डॉ. जीवन पासवान, शाहिद, जगदीश यादव, मुन्ना पासवान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
