बहू-बेटी सम्मेलन में भाग लेतीं प्रधान संघ बहुआ की अध्यक्ष हेमलता पटेल।

– हेमलता पटेल ने महिलाओं को दिलाई निडर व स्वावलंबी बनने की शपथ
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर में रविवार को मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित इस कार्यक्रम में गांव की सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम प्रधान, प्रधान संघ अध्यक्ष बहुआ एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने किया।
कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़खानी या साइबर अपराध की स्थिति में महिलाएं डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। पुलिस ने 112, 1090, 181 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए इनके इस्तेमाल के बारे में भी बताया। सम्मेलन में हेमलता पटेल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी समाज की रीढ़ है। महिलाओं को शिक्षित, जागरूक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी परिवार और समाज मजबूत होगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को निडर होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा अन्याय का विरोध करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी रही। अंत में महिलाओं ने सुरक्षा, सम्मान, समानता और स्वावलंबन के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now