फावड़ा चलाकर तालाब पुनर्जीवन अभियान शुरू करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– अतिक्रमण हटेगा, तालाब सजेंगे, जल संरक्षण के साथ गांवों में रोजगार की बहेगी धारा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के सूखते जलस्रोतों को नई जिंदगी देने और गांवों की धड़कन माने जाने वाले तालाबों को उनके वास्तविक स्वरूप में लौटाने के लिए जिला प्रशासन ने मिशन 300 का शंखनाद कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तहसील खागा के विकास खंड ऐरायां अंतर्गत ग्राम सभा सेमौरी पहुंचकर फावड़ा चलाते हुए तालाब पुनर्जीवन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
डीएम ने कहा कि मिशन 300 केवल तालाबों की खुदाई का अभियान नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की व्यापक पहल है। पहले चरण में जनपद के प्रत्येक विकास खंड से 25-25 तालाब चिन्हित किए जाएंगे। जिन तालाबों पर अतिक्रमण है, उन्हें पहले कब्जामुक्त कराया जाएगा, तत्पश्चात विकसित भारत जी-रामजी योजना के अंतर्गत उनका पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बरसात आने से पहले सभी चिन्हित तालाबों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर पुनर्जीवित किया जाए, ताकि वर्षा जल का संचयन हो सके और भूगर्भ जल स्तर में सुधार आए। डीएम ने यह भी कहा कि इस महत्वाकांक्षी अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी प्रशासनिक टीम के साथ श्रमदान करते हुए जनसहभागिता का संदेश दिया और ग्रामीणों से अपील की कि वे तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त रखने में सहयोग करें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खागा डॉ. अभिनीत कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now