फोटो परिचय-  सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में प्रदर्शनी देखते खिलाड़ी।

– सूचना विभाग की प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की दी गई जानकारी

– कृषि, रोजगार, आवास, स्वास्थ्य व महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों ने खींचा ध्यान

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में गुरुवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल की। खिलाड़ियों ने प्रदर्शनी में लगे चित्रों, पोस्टरों और फ्लेक्स के माध्यम से सरकार की ओर से संचालित योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं को देखा।

प्रदर्शनी में अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं को विषयवार प्रदर्शित किया गया है। युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों के साथ एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की गई। किसानों से संबंधित योजनाओं में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सोलर पंप, कृषि यंत्र, आधुनिक मंडी व्यवस्था और कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल को प्रमुखता से दर्शाया गया।

आवास और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने भी प्रदर्शनी में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन तथा वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था, डिजिटल सुविधाओं, ई-श्रम और ई-नाम जैसी व्यवस्थाओं से जुड़े विषय भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे।

प्रदर्शनी में प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की झलक भी दिखाई गई। काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों तथा सांस्कृतिक आयोजनों से संबंधित जानकारी के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now