फोटो परिचय- लखनऊ में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित होतीं फतेहपुर की शिक्षिकाएं।
– राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया गया रेखांकित
– शिक्षकों ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली फतेहपुर की शिक्षिकाओं को लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। चारबाग स्थित होटल अंबर में सोमवार को उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों की शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह-2026 का आयोजन हुआ। इसमें प्राथमिक विद्यालय अस्थी की राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका आसिया फारूकी सहित राज्य पुरस्कार से सम्मानित नीलम भदौरिया, मोनिका सिंह और चंपा शर्मा को सम्मानित किया गया।
समारोह में सूचना आयुक्त प्रकाश गुप्ता और बेसिक शिक्षा सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने शिक्षकों के शैक्षिक योगदान की सराहना की। इस दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए निरंतर समर्पण और मेहनत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। आसिया फारूकी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त होने पर विशेष रूप से बधाई दी गई। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से भी उन्हें दोबारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर अपनी नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के प्रतिनिधि विनीत शर्मा को भी ज्ञापन दिया गया। समारोह का समापन वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
