घटनास्थल पर परिजनों से पूछताछ करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– परिजनों से पूछताछ कर एसपी ने जुटाई जानकारी
धर्मेन्द्र सिंह “राजू”
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर स्थित 50 नंबर पुल इलाके में शनिवार को निजी विद्यालय की शिक्षिका शालिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घर के भीतर पानी के टब में मृत मिली शालिनी के शरीर पर सिर और पैर में चोट के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने मृतका के पति प्रदीप यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने घटनास्थल की परिस्थितियों को समझने के साथ ही वहां मौजूद साक्ष्यों और अब तक सामने आए तथ्यों की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। शालिनी यादव शनिवार को अपने आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में मिली थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। खास तौर पर सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने से पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर लगाया जाएगा। परिजनों के अनुसार शालिनी यादव ने करीब नौ साल पहले प्रदीप यादव से प्रेम विवाह किया था। दोनों शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े थे। शालिनी निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति सरकारी विद्यालय में शिक्षक बताए गए हैं। दंपती का एक करीब सात वर्षीय बेटा भी है। अचानक हुई शालिनी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है। मामले में पति से पूछताछ समेत अन्य बिंदुओं पर भी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहनता से जांच की जाए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर क्षेत्राधिकारी खागा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित स्थानीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
