मरीज के लिए रक्तदान करते संस्था के सदस्य।

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जब एक जरूरतमंद मरीज की जिंदगी रक्त के अभाव में संकट में थी और परिजन ए पॉजिटिव रक्त की तलाश में दर-दर भटक रहे थे, तब मानवता की मिसाल पेश करते हुए सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सदस्य मदद के लिए आगे आए। संस्था की तत्परता और युवाओं के स्वैच्छिक रक्तदान से मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।
जिले में ए पॉजिटिव रक्त की कमी के चलते मरीज के परिजन काफी परेशान थे। जैसे ही इसकी सूचना सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को मिली, संस्था के सक्रिय सदस्य जिशान शेख और सौरभ मौर्य बिना देर किए मानस रक्त केंद्र पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्त उपलब्ध होने के बाद मरीज के परिजनों के चेहरे पर राहत लौट आई। उन्होंने संस्था और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस दौरान संस्था की ओर से गुरमीत सिंह और आकांक्षा मौजूद रहीं। वहीं मानस रक्त केंद्र की टीम से अमन, अनामिका पाल, अंजलि एवं विष्णु ने भी पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। संस्था के इस सराहनीय और मानवीय कार्य की लोगों ने जमकर प्रशंसा की तथा इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now