– नाराज पत्नी को घर वापस ले जाने के इरादे से तीन दिन पहले आया था मायके
– देर रात बिगड़ी हालत, सुबह शव मिलने से गांव में फैली सनसनी
– पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह, अभी नहीं मिली तहरीर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र के हनुमानपुर कंजरनडेरा गांव में ससुराल पहुंचे एक 45 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पत्नी को मनाकर उसे अपने साथ ले जाने के उद्देश्य से करीब तीन दिन से ससुराल में रह रहा था। शनिवार सुबह उसका शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कौशांबी जिले के मंझनपुर निवासी बल्लू की शादी करीब 15 वर्ष पहले हनुमानपुर कंजरनडेरा गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। नाराज पत्नी करीब एक सप्ताह पहले मायके चली आई थी। इसके बाद बल्लू पत्नी को समझाकर वापस घर ले जाने के लिए करीब तीन दिन पूर्व ससुराल पहुंचा था।
बताया गया कि शुक्रवार देर रात उसकी हालत संदिग्ध परिस्थितियों में बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर थरियांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।
