– सड़क हादसा या साजिश? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह नेशनल हाईवे किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन शव पर मिले गंभीर चोटों के निशान और घटनास्थल से बरामद वाहन के टूटे हुए पुर्जों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसे के साथ-साथ अन्य सभी संभावित पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
शनिवार की सुबह करीब सात बजे थाना थरियांव पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर शगुन ढाबा के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मौजूद मृतक की बहन ने शव की पहचान श्रवण उर्फ कामता यादव (30) निवासी ग्राम देहुली थाना थरियांव के रूप में की। परिजनों के अनुसार श्रवण शहर में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार की शाम उसका ई-रिक्शा खराब हो गया था, जिसे वह मरम्मत के लिए निजाम रिपेयर सेंटर पर छोड़कर घर के लिए निकला था लेकिन वह घर नहीं पहुंच सका। शनिवार की सुबह उसका शव हाईवे किनारे मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के सिर और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए। शरीर पर कई स्थानों पर घर्षण के निशान थे और कपड़े भी फटे हुए मिले। वहीं घटनास्थल से किसी अज्ञात वाहन की टूटी हुई हेडलाइट और रियर व्यू मिरर के हिस्से भी बरामद हुए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल और नेशनल हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
