सूरत, पांच नवंबर गुजरात के सूरत में पुलिस ने मजदूरी के विवाद को लेकर अपने सहकर्मी की हत्या करने और पीड़ित की पहचान छिपाने के लिए दो दिन बाद उसका सिर धड़ से अलग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 54 वर्षीय आरोपी सचित्रकुमार नरेंद्र बल ने पीड़ित का कटा हुआ सिर उस स्थान से करीब तीन किलोमीटर दूर फेंका था, जहां से धड़ बरामद किया गया।

पुलिस निरीक्षक एल आर गोहिल ने बताया, ‘‘मंगलवार को निगरानी दल को सूरत के कटारगाम इलाके में कटारगाम-वास्तादेवड़ी रोड स्थित सीएनआई चर्च कब्रिस्तान में 30 से 35 वर्ष की आयु के एक अज्ञात व्यक्ति का बिना सिर वाला शव मिला।’’ उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। पता चला कि वह ओडिशा का रहने वाला था और करघा श्रमिक के रूप में काम करता था। वह फिलहाल यहां रेलवे राहत कॉलोनी में रह रहा था।

रेलवे राहत कॉलोनी कब्रिस्तान की दीवार से सटी हुई है। पूछताछ के दौरान बल ने मृतक की पहचान संजय के रूप में की, जो कटारगाम जीआईडीसी स्थित एक करघा इकाई में उसका सहकर्मी था। उसने हत्या करने की बात भी कबूल कर ली।

गोहिल ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को बल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी और संजय पिछले सात महीने से साथ काम कर रहे थे। बल वहां मशीनों की जांच का काम करता था, जबकि संजय बाइंडिंग का काम करता था।

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारी चौबीसों घंटे इकाई में ही रहते थे। इसलिए संजय एक नोटबुक रखता था, जिसमें वह अन्य कर्मचारियों के काम और उनके हिसाब-किताब का रिकॉर्ड दर्ज करता था। पुलिस ने बताया कि बल को शक था कि संजय उससे अधिक कमाई होने के कारण उसकी दैनिक मजदूरी में से 160 रुपये काट रहा था।

उसका आरोप था कि पिछले सात महीने से यह कटौती की जा रही थी, जिससे उसके मन में नाराजगी पैदा हो गई और दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे। पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, एक नवंबर को बल कथित तौर पर संजय को अपने घर ले गया और दोपहर करीब दो बजे हंसिया जैसे किसी धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। विज्ञप्ति के अनुसार, उसी रात बाद में उसने शव को एक बोरे में भरा, पास के कब्रिस्तान की चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचा और शव को वहां फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बल कथित तौर पर फिर घटनास्थल पर पहुंचा और धारदार हथियार से पीड़ित का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसने सिर को कब्रिस्तान से करीब तीन किलोमीटर दूर कटारगाम अलकापुरी पुल के नीचे रेलवे पटरी के पास फेंक दिया। पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, बल द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने पुल के नीचे रेलवे पटरियों के पास से कटा हुआ सिर बरामद किया।

पुलिस ने कटारगाम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now