कच्चे तेल की कीमत में तेजी और घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट के बीच शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 60 पैसे टूटकर 92.98 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार विदेशी निवेशकों की लिवाली से मिले समर्थन के बावजूद रुपये पर मजबूत अमेरिकी मुद्रा के चलते दबाव देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.44 पर खुला और कारोबार के निचले स्तर 93.01 को छूने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले 92.98 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 60 पैसे की गिरावट है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे टूटकर 92.38 पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले यह 65 पैसे की छलांग लगाकर चालू वित्त वर्ष के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। रुपया पिछले सात महीनों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एशियाई मुद्रा बन गया है।
इसने आठ अक्टूबर को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दर्ज किए गए अपने सर्वकालिक निचले बंद स्तर 96.88 से लगभग पांच प्रतिशत का सुधार दर्ज किया है। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेज गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपये ने अपनी बढ़त गंवा दी। चौधरी ने कहा, सऊदी अरब में अरामको के प्रतिष्ठान पर हूती विद्रोहियों के हमले के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई।
डॉलर सूचकांक भी सुबह के निचले स्तर से उबर गया। मजबूत डॉलर और महीने के अंत में डॉलर की मांग से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हाजिर बाजार में अमेरिकी डॉलर-रुपया की विनिमय दर 92.65 रुपये से 93.20 रुपये के दायरे में रह सकती है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत बढ़कर 103.77 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.19 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 989.33 अंक या 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 83,339.26 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277.30 अंक या 1.07 प्रतिशत टूटकर 25,607.20 पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 5,843.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।