– उल्टी और पेट दर्द के बाद 13 वर्षीय किशोरी की हालत बिगड़ी, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत
– परिजन बोले- एक जैसे लक्षणों से पहले दो बच्चों की भी हो चुकी है मौत, कारण जानने को कराया पोस्टमार्टम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हथगाम थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मंगलवार को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद 13 वर्षीय किशोरी की हालत बिगड़ गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिवार में लगातार हो रही मौतों को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।
सिठौरा निवासी रामनरेश की 13 वर्षीय पुत्री प्रिया देवी की मंगलवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे उल्टी होने के साथ ही पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे हथगाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन प्रिया को लेकर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहले भी दो बच्चों की हो चुकी मौत
मृतका के पिता रामनरेश ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि पिछले सप्ताह उनके सात वर्षीय पुत्र आशीष कुमार की भी उल्टी और पेट दर्द के बाद मौत हो गई थी। इससे पहले करीब ढाई माह पूर्व उनकी साढ़े चार वर्षीय पुत्री मोहिनी ने भी इसी तरह की तबीयत बिगड़ने के बाद दम तोड़ दिया था।
रामनरेश के अनुसार, परिवार में लगातार तीन बच्चों की मौत होने से वह सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि प्रिया की मौत के बाद पोस्टमार्टम इसलिए कराया जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर बच्चों की मौत किस कारण से हुई। लगातार सामने आ रही समान लक्षणों वाली मौतों ने परिवार के साथ-साथ गांव में भी चिंता बढ़ा दी है।
