फोटो परिचय- शिविर में सचिव को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित करते आयोजक।
* आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी मदद दिलाने की दी जानकारी
* विद्यालय में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों का पढ़ाया पाठ
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आर्थिक तंगी अब किसी जरूरतमंद के लिए न्याय की राह में बाधा नहीं बनेगी। गरीब, असहाय और वंचित लोगों को कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़नपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के साथ पैतृक संपत्ति में बेटियों की समान हिस्सेदारी के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
पैरा लीगल वालंटियर मालती देवी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी पलाश गांगुली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह ने उनका बैज लगाकर स्वागत किया और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। शिविर में सचिव ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी न्याय पाने का पूरा हक रखते हैं। धन के अभाव में कोई व्यक्ति अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने से पीछे न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पात्र लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बेटियों के पैतृक संपत्ति में बराबर के अधिकार पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और सवाल भी रखे, जिनका समाधानपरक जवाब दिया गया।
इसके बाद चंद्रदेव मौर्य इंटर कॉलेज बड़नपुर में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया। यहां पलाश गांगुली ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अधिकारों की जानकारी रखने के साथ संविधान में निर्धारित जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विद्यालय बड़नपुर के प्रधानाचार्य ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
