– 447 वीं सरस काव्य गोष्ठी में गूंजे राष्ट्रभक्ति व साहित्य के स्वर
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। मुराइन टोला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शैलेन्द्र साहित्य सरोवर के बैनर तले 447 वीं साप्ताहिक रविवासरीय सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। गोष्ठी में साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, गुरु महिमा, मानवता और प्रेम जैसे विषयों पर प्रभावशाली काव्य पाठ किया। साथ ही कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केपी सिंह कछवाह व संचालन शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में हनुमान मंदिर के पुजारी विजय कुमार शुक्ल मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। अध्यक्ष के.पी. सिंह कछवाह ने वाणी वंदना प्रस्तुत करते हुए मां सरस्वती का आह्वान किया और कारगिल विजय दिवस पर शहीदों की वीरता को नमन किया। डॉ. सत्य नारायण मिश्र ने अपने छंद के माध्यम से वर्तमान समय में बढ़ती हिंसा और मानवता के संकट पर चिंता व्यक्त की। प्रदीप कुमार गौड़ ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु त्रिदेव के समान पूजनीय हैं और उनकी आज्ञा का पालन ही जीवन का श्रेष्ठ मार्ग है। डॉ. शिव सागर साहू ने कारगिल के अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को राष्ट्र का गौरव बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं आयोजक एवं संचालक शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने मुक्तक के माध्यम से प्रेम और जीवन के भावों को अभिव्यक्त किया तथा कारगिल के वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि विजय कुमार शुक्ल ने सभी साहित्यकारों को आशीर्वाद प्रदान किया। अंत में आयोजक शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now