ओवरलोड वाहनों पर मुकदमे के साथ फिटनेस व पंजीकरण होगा निलंबित
पांच चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त आदेश जारी कर 21 जून से 30 जून 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पांच चेक पोस्ट स्थापित किए हैं, जहां पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टास्क फोर्स चैबीसों घंटे निगरानी करेगी।
अभियान के तहत थाना ललौली, थाना गाजीपुर, जोनिहा चैकी, थाना असोथर तथा विजयीपुर चैकी क्षेत्र में चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां राजस्व, पुलिस और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक चेक पोस्ट से हर दो घंटे पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति और कार्रवाई की रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को व्हाट्सएप एवं ई-मेल के माध्यम से भेजना अनिवार्य किया गया है।
डीएम और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चेकिंग के दौरान अवैध खनन सामग्री से लदे वाहन, ओवरलोड वाहन अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज करने वाले अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयुक्त आदेश में कहा गया है कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति की चोरी का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा ऐसे वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त करने तथा पंजीकरण निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। बिना प्रतिस्थानी के कोई भी कर्मचारी ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। वहीं संबंधित थानाध्यक्षों को प्रत्येक चेक पोस्ट पर चार-चार पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे अभियान की निगरानी अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now