पुलिस की गिरफ्त में दुष्कर्म का अभियुक्त
कई दिनों से तलाश में लगी थी पुलिस टीम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नाबालिग से दुष्कर्म और धमकी देने के गंभीर आरोपों में वांछित चल रहे युवक को खागा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को कैनाल रोड स्थित नहर पुलिया के पास से दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खागा पुलिस ने मुकदमा संख्या 214/2026 में नामजद आरोपी दिव्य मिश्रा उर्फ सत्यम मिश्रा पुत्र चन्द्रदत्त मिश्रा निवासी नई बाजार, कस्बा व थाना खागा को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी का वादी की चाट की दुकान पर नियमित आना-जाना था। इसी दौरान उसकी पहचान वादी की नाबालिग पुत्री से हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पुलिस के अनुसार यह संपर्क लंबे समय से बना हुआ था। मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार को खागा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कैनाल रोड स्थित नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक रामआशीष यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सूर्यप्रकाश परिहार तथा कांस्टेबल अब्दुल कलाम शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
