परीक्षा केन्द्र का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
– संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। होमगार्ड परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं एएस इंटर कॉलेज में स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य करें और परीक्षा की निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा कक्षाओं की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों में रखी अलमारियों की क्रमबद्ध नंबरिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ठाकुर युगराज सिंह महाविद्यालय में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कोई भी कर्मी अनावश्यक रूप से परिसर से बाहर न जाए। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों के लिए नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की भी जानकारी ली और निर्देशित किया कि सभी को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, उपजिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर अमरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now