– प्रेमनगर व भादर में बिना मानक संचालित अस्पतालों पर चला स्वास्थ्य विभाग का चाबुक
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। रविवार को एसीएमओ डॉ. पीके सिंह के नेतृत्व में थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर व भादर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मानकों का पालन न मिलने पर दो अस्पताल/क्लीनिक सीज कर दिए गए, जबकि एक क्लीनिक को नोटिस जारी कर जल्द सुधार करने की चेतावनी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भादर स्थित एक क्लीनिक को सील किया। इसके बाद प्रेमनगर कस्बे में एक पॉली क्लीनिक को भी सीज कर दिया गया। वहीं सामने स्थित फार्मा क्लीनिक में कमियां मिलने पर नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, पूर्व में क्षेत्र में प्रस्तावित छापेमारी की जानकारी पहले ही लीक हो जाती थी, जिससे कई अस्पताल संचालक सतर्क हो जाते थे। इस बार उच्च अधिकारियों ने गोपनीय रणनीति अपनाते हुए बिना पूर्व सूचना के टीम भेजी, जिसके चलते कई संचालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और कार्रवाई सफल रही। हालांकि, सूचना लीक करने में किसी डॉक्टर की भूमिका संबंधी दावा अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं किया गया है। यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित स्तर पर अलग कार्रवाई की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। एसीएमओ पीके सिंह ने बताया कि विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
