अनुष्का पटेल का मुंह मीठा कराते परिजन।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। देवमई ब्लॉक के तिवारीपुर गांव की बेटी अनुष्का पटेल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में सीट प्राप्त की है। दूसरे प्रयास में मिली इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। शहर की रानी कॉलोनी स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
अनुष्का तिवारीपुर निवासी राजू पटेल और अंजली पटेल की इकलौती संतान हैं। बचपन से ही मेधावी रही अनुष्का ने हाईस्कूल की शिक्षा सेंट मैरीज स्कूल तथा इंटरमीडिएट जयपुरिया स्कूल से प्राप्त की। डॉक्टर बनने का सपना लेकर उन्होंने पूरे समर्पण के साथ नीट की तैयारी की और दूसरे प्रयास में सफलता अर्जित करते हुए एमबीबीएस में सीट हासिल की। सफलता की सूचना मिलते ही परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। गांव के लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए अनुष्का के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शहर स्थित उनके आवास पर दिनभर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर हरिओम सिंह, निधि सिंह, शालू सिंह सहित अनेक लोगों ने अनुष्का को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अपनी निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और नियमित अभ्यास से हर सपना साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now