फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट में युवक को रोकते पुलिस के जवान

भाई की हत्या के मामले में लंबे समय से इंसाफ की गुहार लगा रहा था युवक

कलेक्ट्रेट परिसर में माचिस से खुद को आग लगाने का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते रोका

घटना के बाद परिसर में मचा हड़कंप, युवक को समझाकर शांत कराया गया

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। भाई की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे एक युवक ने सोमवार को अचानक ऐसा कदम उठाने का प्रयास किया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगाने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सका और एक बड़ा हादसा टल गया।

धाता थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बृजेश सोनकर अपनी विधवा भाभी और अन्य लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। युवक का कहना है कि वर्ष 2023 में जमीन विवाद को लेकर उसके भाई श्याम कुमार की हत्या कर दी गई थी। भाई की मौत के बाद से ही वह लगातार मामले में न्याय की मांग कर रहा है।

बृजेश के मुताबिक पुलिस से लेकर न्यायालय तक अपनी बात रखने के बावजूद अभी तक उसे न्याय नहीं मिला है। उसका आरोप है कि मुकदमे में लगातार तारीखें पड़ रही हैं। वहीं गवाही की प्रक्रिया के दौरान उसे कथित तौर पर डराने-धमकाने का भी प्रयास किया जा रहा है। इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में खुद को नुकसान पहुंचाने का कदम उठाया।

बताया गया कि युवक ने माचिस निकालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को रोक लिया और उसके हाथ से माचिस छीन ली। समय रहते हुई कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में इसी घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही। मामले ने एक बार फिर लंबित मुकदमों में न्याय की मांग को लेकर परेशान फरियादियों की स्थिति को सामने ला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now