– पार्क में बेल्टों से पीटा, चाकू लहराकर मचाया आतंक
– हिकमत उल्ला पार्क में दिनदहाड़े दबंगई, पुलिस जांच में जुटी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित सिविल लाइन रोड के हिकमत उल्ला पार्क में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब करीब 10 से 15 युवकों ने एक युवक को उसकी छोटी बहन के सामने ही घेरकर बेरहमी से पीट दिया। हमलावरों ने बेल्टों से ताबड़तोड़ वार किए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को कथित तौर पर चाकू दिखाकर धमकाया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पार्क और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार युवक अपनी छोटी बहन के साथ पार्क में मौजूद था। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उसे घेर लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और हमलावर युवक पर बेल्टों से टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिराकर भी पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान पीड़ित की छोटी बहन अपने भाई को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दबंगों ने उसकी एक नहीं सुनी। बहन की आंखों के सामने भाई की पिटाई होती रही और वह मदद के लिए लोगों से गुहार लगाती रही। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने जब युवक को बचाने की कोशिश की तो आरोप है कि हमलावरों ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। चाकू लहराए जाने से मौके पर दहशत फैल गई और लोग पीछे हटने को मजबूर हो गए। इसके बाद किसी ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधिकांश हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल युवक से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल को उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े सार्वजनिक पार्क में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो मामला और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल पूरे शहर में इस घटना की चर्चा बनी हुई है और लोग आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now